इंतज़ार, उम्मीद और एक नई शुरुआत

“क्या अब भी माँ बन पाऊँगी?”
यह सवाल कई वर्षों तक मेरे मन में रहा। शादी के बाद जहाँ हर कोई खुशखबरी का इंतज़ार कर रहा था, वहीं मैं डॉक्टरों, उम्मीदों और हर महीने टूटते सपनों के बीच अपना सफर तय कर रही थी। लोगों के सवाल और ताने बढ़ते गए, लेकिन दिल के किसी कोने में माँ बनने की उम्मीद हमेशा ज़िंदा रही।

40 की उम्र के बाद जब लोगों ने उम्मीद छोड़ देने की सलाह दी, तब भी मैंने अपने मन की उस छोटी-सी उम्मीद को नहीं छोड़ा। और फिर 45 की उम्र में जब डॉक्टर ने कहा, “आप माँ बन सकती हैं,” तो उस समय मुझे ऐसा लगा जैसे यह कोई सपना हो। ऐसा लगा मानो डॉक्टर ने मुझे सपने में आकर यह खुशखबरी दी हो। उस पल वर्षों का इंतज़ार, दर्द और दुआएँ जैसे एक साथ पूरी हो गईं।

डॉक्टर ने एक बात और कही—“आपको बिल्कुल भी तनाव नहीं लेना है।” यह सुनकर मेरे मन में तुरंत एक सवाल उठा—यह कैसे संभव होगा? नौकरी और घर की जिम्मेदारियाँ, सब कुछ कैसे संभालूँगी? क्या सच में मैं बिना तनाव के रह पाऊँगी?

तभी मैंने सोचा कि एक बार ऑफिस में अपनी डायरेक्टर को अपनी स्थिति के बारे में बताकर देखती हूँ। मैंने हिम्मत जुटाई और अपनी डायरेक्टर और मैनेजर, दोनों के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने मेरी परिस्थिति को समझा और मुझे दो महीने की छुट्टी दे दी।

मेरी गर्भावस्था के शुरुआती दो महीने मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं थे। इसी दौरान मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई और मुझे इस नई शुरुआत के लिए खुद को पूरी तरह तैयार करने का समय मिला। Project Mukti का मैं दिल से धन्यवाद करती हूँ, जिसने उस समय मेरी परिस्थिति को समझा, मेरा साथ दिया और मुझे वह समय और स्पेस दिया जिसकी मुझे सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी।

गर्भावस्था आसान नहीं थी। उम्र के कारण अतिरिक्त सावधानी, नियमित जाँच, दवाइयाँ, आराम और परिवार का सहयोग इस सफर का हिस्सा रहे। हर अल्ट्रासाउंड, हर धड़कन और बच्चे की हर हलचल मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं थी।जब पहली बार अपने बच्चे को गोद में लिया, तो लगा जैसे वर्षों का इंतज़ार एक पल में सार्थक हो गया। उस छोटी-सी उँगली को थामते हुए महसूस हुआ कि खुशियाँ देर से आ सकती हैं, लेकिन वे जीवन को पूरी तरह बदल सकती हैं।

मेरा यह अनुभव उन सभी महिलाओं के लिए है जो देर से माँ बनने का सपना देख रही हैं। हर महिला की यात्रा अलग होती है और आज चिकित्सा और सही देखभाल ने कई नई संभावनाएँ खोली हैं। दूसरों के सवालों और निर्णयों से अधिक ज़रूरी है अपने स्वास्थ्य, अपनी परिस्थितियों और अपनी उम्मीद पर भरोसा करना।

माँ बनने की खुशी की कोई तय उम्र नहीं होती। हर कहानी का अपना समय होता है।
और कभी-कभी, सबसे खूबसूरत खुशियाँ वही होती हैं, जिनका इंतज़ार सबसे लंबा होता है।

Project Mukti

Project Mukti works with Dalit, Bahujan, Adivasi women and children to bring positive and sustainable change in their lives.

https://www.instagram.com/projectmukti/
Previous
Previous

नहीं रहना मुझे उस समाज में

Next
Next

First Solo Trip